शिमला, 24 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल प्रदेश में अर्धसैनिक बलों के पूर्व कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बजट में अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा का स्वागत किया गया है।
HP State Ex Para Military Coordination and Welfare Association ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है।

एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि अर्धसैनिक बलों के पूर्व जवान लंबे समय से एक समर्पित कल्याण बोर्ड की मांग कर रहे थे, ताकि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध हो सके।
बजट में की गई यह घोषणा उनके हितों की दिशा में एक सकारात्मक और सराहनीय कदम है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बोर्ड के गठन से पूर्व अर्धसैनिक कर्मियों और उनके परिवारों को सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

एसोसिएशन ने यह भी कहा कि सरकार का यह निर्णय न केवल पूर्व जवानों के सम्मान को बढ़ाएगा, बल्कि उनके कल्याण और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों के समाधान में भी अहम भूमिका निभाएगा।
एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि इस घोषणा को शीघ्र अमल में लाते हुए बोर्ड के गठन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि लाभार्थियों को जल्द राहत मिल सके।









