/दून विधायक रामकुमार चौधरी ने बद्दी क्षेत्र में अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का किया शुभारंभ

दून विधायक रामकुमार चौधरी ने बद्दी क्षेत्र में अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का किया शुभारंभ

तीन स्थानों पर शुरू हुई पढ़ाई, शिक्षा व विकास कार्यों के लिए करोड़ों की घोषणाएं

बद्दी 4 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने बद्दी उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुल्लरवाला के चक्का गांव, नगर निगम बद्दी के वार्ड नंबर 2 स्थित खाबड़िया वासियां (हरिपुर संडोली) तथा वार्ड नंबर 3 के गांव सुराजमाजरा में राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं में नए शैक्षणिक सत्र से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बद्दी जैसे औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ती आबादी के चलते गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संस्थानों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने बताया कि इसी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया था, जिसे स्वीकार करते हुए इन विद्यालयों को खोलने की घोषणा की गई और अब इनका संचालन शुरू हो गया है।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है। सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई और सीबीएसई पैटर्न लागू किया जा रहा है, ताकि बच्चों को आधुनिक व प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा मिल सके।

उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों के लिए भूमि हस्तांतरण पूरा होते ही भवन निर्माण हेतु 35 से 40 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने हरिपुर संडोली क्षेत्र में गलियों व विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए करीब 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।

ग्राम पंचायत गुल्लरवाला के चक्का गांव में गलियों के पक्कीकरण, टाइल वर्क और ड्रेनेज के लिए 10 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन विस्तार के लिए 6.50 लाख रुपये देने की भी घोषणा की गई।

साथ ही क्षेत्र में पेयजल सुविधा मजबूत करने के लिए नाबार्ड के माध्यम से नया ट्यूबवेल लगाने की बात कही गई।

उन्होंने बताया कि धर्म कांटा चक्का रोड पर करीब 1.20 करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है, जिसमें नाला निर्माण शामिल है। इसके अलावा मलपुर तालाब से अनाज मंडी तक सड़क जोड़ने का कार्य भी किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक समस्या का समाधान होगा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पंचायतों के पूर्व जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षा, आधारभूत ढांचे और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत कर क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना है।