शिमला (कोटखाई), 25 मार्च
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल के जिला शिमला के थाना कोटखाई में स्पोर्ट्स मीट और बास्केटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने दो केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले (अभियोग संख्या 32/2026) में शिकायतकर्ता शिवांश ने आरोप लगाया कि स्पोर्ट्स मीट के दौरान कहासुनी के बाद शाम करीब 6 बजे कुछ युवक उसके पीजी में पहुंचे और उसके साथ मारपीट की।

इस हमले में उसे सिर और बाएं हाथ में चोटें आईं। पुलिस ने इस मामले में सात नामजद आरोपितों से पूछताछ कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
वहीं दूसरे मामले (अभियोग संख्या 33/2026) में शिकायतकर्ता मोरियन ने बताया कि बास्केटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुई कहासुनी के बाद शाम करीब 5 बजे कॉलेज के बाहर आरोपितों ने उसे और उसके दोस्तों को पीटा, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।
इस मामले में पुलिस ने छह आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की है।
दोनों मामलों में पुलिस ने सभी आरोपितों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर पाबंद किया है। पुलिस के अनुसार, यह दोनों मामले आपसी रंजिश और कहासुनी के चलते हुए हैं, जिन्हें क्रॉस केस के रूप में दर्ज कर लिया गया है।
मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल कर रही है।









