मंडी 7अप्रैल
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “व्यवस्था परिवर्तन” के नाम पर सरकार ने जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ाने, कर्ज़ बढ़ाने और भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का मॉडल अपनाया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से किए वादों को पूरा करने के बजाय “झूठी गारंटियों” के सहारे समय निकाल रही है। सहारा और हिमकेयर जैसी योजनाओं को कमजोर करने की कोशिशों से गरीब और जरूरतमंद वर्ग प्रभावित हुआ है, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं में भी अव्यवस्था बढ़ी है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और सरकार इस पर कार्रवाई करने के बजाय मामलों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में “मित्र मंडल” हावी है और पदों व संसाधनों का इस्तेमाल अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार टैक्स बढ़ाने, डीजल पर वैट व सेस लगाने और सरकारी सेवाएं महंगी करने से महंगाई बढ़ी है और आम जनता पर आर्थिक बोझ पड़ा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है, कर्ज़ का स्तर बढ़ता जा रहा है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। रोजगार के अवसर घटे हैं और उद्योग व पर्यटन क्षेत्र भी प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।










