शिमला 14 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल के जिला शिमला में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है।
माननीय न्यायालय LD-CJM शिमला द्वारा अभियोग संख्या 181/2013 (दिनांक 15-10-2013) में धारा 406, 407, 120(B) भारतीय दंड संहिता के तहत आरोपी बलजींदर सिंह उर्फ सोनू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
मामले के अनुसार, आरोपी को सेब की खेप के परिवहन का जिम्मा सौंपा गया था, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। आरोप है कि उसने विश्वास का दुरुपयोग करते हुए माल को गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय खुद ही बेच दिया और फरार हो गया। लंबे समय से आरोपी न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था और गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।
इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना ढली की टीम को Patiala भेजा गया। टीम ने सटीक सूचना और पेशेवर समन्वय के आधार पर 13 अप्रैल 2026 को आरोपी को पटियाला से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय LD-CJM शिमला के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे 17 अप्रैल 2026 तक न्यायिक हिरासत में सब जेल कैन्थू भेजा गया है।
शिमला पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जो फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त संदेश भी देती है।








