महिलाओं को योजनाओं व अधिकारों की दी जानकारी।
सोलन( अर्की )25 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

एकल नारी शक्ति संगठन द्वारा गुरुवार को चमकड़ी पुल में इंटरफेस बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पंचायत प्रधान नरेंद्र हांडा, उपप्रधान पूर्ण चंद, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मंजू देवी तथा संगठन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रीमा ने संदर्भ व्यक्ति के रूप में भाग लिया।

बैठक के दौरान महिलाओं को संगठन की कार्यप्रणाली, संगठनात्मक ढांचे तथा विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही संगठन द्वारा अब तक किए गए कार्यों और उपलब्धियों से भी महिलाओं को अवगत कराया गया।
उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की, ताकि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। इस दौरान महिलाओं ने पेंशन संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए पेंशन राशि में वृद्धि की मांग पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संगठन द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।

वक्ताओं ने कहा कि इन प्रशिक्षणों के माध्यम से महिलाएं न केवल संगठन की गतिविधियों से जुड़ेंगी, बल्कि अपने अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति भी अधिक जागरूक बन सकेंगी।
बैठक में क्षेत्र की अनेक महिलाओं ने भाग लेकर अपनी समस्याओं एवं सुझावों को साझा किया। संगठन ने भविष्य में भी महिलाओं के सशक्तिकरण और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया










