/चंबा में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती, NHPC CSR के तहत खर्च करेगा 75 लाख

चंबा में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती, NHPC CSR के तहत खर्च करेगा 75 लाख

शिमला 23 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

आकांक्षी जिला चंबा में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। भाजपा राज्यसभा सांसद एवं ऊर्जा संबंधी स्थायी संसदीय समिति के सदस्य हर्ष महाजन ने बताया कि एनएचपीसी चमेरा-II पावर स्टेशन द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 75 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

महाजन के अनुसार, स्वीकृत राशि में से 50 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपी मशीन उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे चंबा जिले में विभिन्न प्रकार की शल्य चिकित्सा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और मरीजों को स्थानीय स्तर पर उन्नत उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इसके अतिरिक्त 25 लाख रुपये गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन तथा शल्य चिकित्सा सहायता पर खर्च किए जाएंगे। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलेगी और धन के अभाव में उपचार से वंचित रहने वाले मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

हर्ष महाजन ने कहा कि चंबा देश के आकांक्षी जिलों में शामिल है। भौगोलिक परिस्थितियों के कारण जिले के अनेक ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा CSR के माध्यम से स्थानीय विकास में भागीदारी से आकांक्षी जिलों के विकास को गति मिल रही है।

एनएचपीसी द्वारा चंबा में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 75 लाख रुपये उपलब्ध करवाना जनहित की दिशा में सराहनीय कदम है।
महाजन ने एनएचपीसी प्रबंधन एवं चमेरा-II पावर स्टेशन के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी चंबा की स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत आवश्यकताओं को मजबूत करने के लिए ऐसे प्रयास जारी रखे जाएंगे।
हर्ष महाजन
राज्यसभा सांसद एवं सदस्य, ऊर्जा संबंधी स्थायी संसदीय समिति