/बैग फ्री डे पर पौधारोपण, सहज योग एवं चित्रकला गतिविधियों का आयोजन।

बैग फ्री डे पर पौधारोपण, सहज योग एवं चित्रकला गतिविधियों का आयोजन।

सोलन, 22 अगस्त
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

राजकीय प्राथमिक पाठशाला बसाल (GPS Basal) एवं राजकीय माध्यमिक पाठशाला बसाल (GMS Basal) में बैग फ्री डे के अवसर पर विभिन्न शिक्षाप्रद एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान के तहत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व, पर्यावरण संतुलन तथा हरित भविष्य के प्रति जागरूक किया गया।

बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लेते हुए पौधों की देखभाल का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर सहज योग संस्थान के श्री कमल चौहान, श्री हरीश वर्मा, श्रीमती सीमा ग्रोवर एवं श्रीमती रजनी सेठ ने बच्चों को सहज योग के विभिन्न आयामों से परिचित करवाया। उन्होंने ध्यान, आत्म-साक्षात्कार, कुंडलिनी जागरण, मानसिक शांति एवं एकाग्रता बढ़ाने वाली सहज योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया। विद्यार्थियों ने योगाभ्यास में बढ़-चढ़कर भाग लिया और इसे लाभदायक बताया।

इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए ड्राइंग एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। इस गतिविधि ने बच्चों की कल्पनाशीलता और सृजनात्मक सोच को प्रोत्साहित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बैग फ्री डे का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, मानसिक स्वास्थ्य एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।