/राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक

18 सितंबर को होगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 1,55,087 शिशुओं, बच्चों व किशोरों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल

चंबा, 21 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

चंबा के उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) के सफल आयोजन को लेकर जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक उपायुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में आगामी 18 सितंबर को प्रस्तावित अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें और निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें।

उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को पंचायत स्तर पर कृमि मुक्ति एवं विटामिन-ए की खुराक से संबंधित सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री प्रदर्शित करवाने तथा अभिभावकों को अभियान की अग्रिम जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास को सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका सुनिश्चित करने तथा शिक्षा विभाग को 18 सितंबर को विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस भारद्वाज ने उपायुक्त का स्वागत करते हुए अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी (एमओएच) डॉ. कविता महाजन ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास कमल किशोर शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. हरित पुरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

1,55,087 बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल
उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने बताया कि 18 सितंबर को जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों के अंतर्गत 1,55,087 शिशुओं, बच्चों तथा किशोरों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी। इसके अलावा एक से पांच वर्ष की आयु के 39,534 शिशुओं एवं बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विटामिन-ए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के साथ आंखों की रोशनी, त्वचा, हड्डियों और शरीर के अन्य ऊतकों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

वहीं, कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल आंतों के कृमियों को समाप्त कर पोषक तत्वों के बेहतर अवशोषण में मदद करती है। इससे बच्चों के पोषण स्तर में सुधार तथा कुपोषण की स्थिति को कम करने में सहायता मिलती है।