मकर संक्रांति पूजा के साथ होगा समापन
बेंगलुरु 21 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
परम पूज्य श्री माताजी निर्मला देवी के प्रति श्रद्धा और समर्पण के भाव से कर्नाटक के सहजयोगियों द्वारा वर्ष 2027 की शुरुआत में एक विशेष आध्यात्मिक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
यह यात्रा 2 जनवरी से 15 जनवरी 2027 तक कर्नाटक के विभिन्न ऐतिहासिक, प्राकृतिक और आध्यात्मिक स्थलों से होकर गुजरेगी।

आयोजकों के अनुसार यात्रा की शुरुआत कर्नाटक के पश्चिमी तट स्थित करवार से होगी। इसके बाद यात्रा उडुपी, मंगलुरु, कूर्ग (कोडगु), मैसूर और बेंगलुरु पहुंचेगी।
इस दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूजा, आत्मसाक्षात्कार कार्यक्रम, सामूहिक ध्यान एवं शुद्धिकरण सहित विभिन्न आध्यात्मिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
यात्रा के दौरान नदियों और प्राकृतिक स्थलों पर सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से वातावरण में सकारात्मकता, प्रेम और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रसार करने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सामूहिक रूप से प्रेम, vibrations और शुभता की भावना को मजबूत करना है।
2 जनवरी से शुरू होने वाली यह यात्रा 15 जनवरी को बेंगलुरु में मकर संक्रांति पूजा के साथ संपन्न होगी।
आयोजकों ने देश-विदेश के सहजयोगी समुदाय से इस आध्यात्मिक यात्रा में शामिल होने तथा इसे सफल बनाने के लिए प्रार्थना और सहयोग की अपील की है।
यात्रा में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।

पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को यात्रा से संबंधित आगे की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
आयोजकों ने इस पहल को सामूहिक आध्यात्मिक यात्रा बताते हुए कहा कि सभी साधक एक साथ जीवन की धारा में बहते हुए प्रेम और एकत्व के महासागर की ओर बढ़ें—यही इस यात्रा की मूल भावना है।










