/नगर परिषद चुनाव-में 12 महिला पोलिंग पार्टियों की तीसरी रिहर्सल संपन्न।

नगर परिषद चुनाव-में 12 महिला पोलिंग पार्टियों की तीसरी रिहर्सल संपन्न।

नालागढ़, 14 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

नगर परिषद नालागढ़ चुनाव-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।

बुधवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय नालागढ़ में 12 महिला पोलिंग पार्टियों की तीसरी रिहर्सल आयोजित की गई।

निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया ने बताया कि महिला मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम मशीनों के संचालन, मतदाता सत्यापन, मॉक पोल, मतदान सामग्री के रखरखाव, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं तथा मतदान उपरांत सीलिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रक्रियात्मक कठिनाई न आए, इसके लिए सभी महिला पोलिंग पार्टियों से ईवीएम मशीनों पर मॉक रिहर्सल भी करवाई गई। साथ ही मतदान कर्मियों को वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहायता सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

नरेंद्र आहलूवालिया ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशासन द्वारा चुनाव संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने होंगे।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पोलिंग पार्टियों के ठहराव, परिवहन, सुरक्षा व्यवस्था, मूवमेंट प्लान तथा मतदान सामग्री एवं ईवीएम मशीनों को समय पर मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।