शिमला 23 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
शिमला के जाखू मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शिमला पुलिस ने विशेष यात्रा परामर्श जारी किया है।

पुलिस ने सभी आगंतुकों से निर्धारित मार्गों और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और परेशानी मुक्त बनी रहे।
चंडीगढ़ की ओर से आने वाले पर्यटकों के लिए कम यातायात वाले प्राथमिक मार्ग के रूप में टुटीकंडी बाईफरकेशन – आईएसबीटी – विक्ट्री टनल – छोटा शिमला – नवबहार – जाखू मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

इसके अतिरिक्त वैकल्पिक मार्ग के रूप में टुटीकंडी बाईफरकेशन – विक्ट्री टनल – लिफ्ट – एचएचएच – टॉलैंड – छोटा शिमला – नवबहार – जाखू मार्ग भी उपलब्ध रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने, रोपवे, एचआरटीसी टैक्सी तथा पैदल मार्ग जैसी सुविधाओं का अधिकाधिक उपयोग करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करने का आग्रह किया है।
शिमला पुलिस का कहना है कि नागरिकों और पर्यटकों का सहयोग शहर को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।







