03 से 09 जून तक होगी काउंसलिंग
सोलन, 01 जून ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
जिला सोलन में शारीरिक शिक्षक (जॉब ट्रेनी) के 14 रिक्त पदों को भरने के लिए बैचवार आधार पर काउंसलिंग प्रक्रिया 03 जून से 09 जून, 2026 तक आयोजित की जाएगी।
यह जानकारी उप निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) सोलन ने दी।
उन्होंने बताया कि कुल 14 पदों में से 06 पद अनारक्षित वर्ग, 02 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 02 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (अनारक्षित), 03 पद अनुसूचित जाति (अनारक्षित) तथा 01 पद अनुसूचित जनजाति (अनारक्षित) के लिए निर्धारित किए गए हैं।
उम्मीदवारों को अपने गृह जिले में ही काउंसलिंग में भाग लेना होगा तथा निर्धारित प्रपत्र पर हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों की प्राथमिकताएं क्रमवार भरकर जमा करनी होंगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक बार जमा की गई जिला प्राथमिकताओं में किसी भी परिस्थिति में बदलाव नहीं किया जाएगा। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार निर्धारित पात्रता रखने वाला उम्मीदवार प्रदेश के किसी भी जिले में नियुक्ति के लिए पात्र होगा।
उप निदेशक ने हिम नयन न्यूज़ को बताया कि शारीरिक शिक्षक पद के लिए अभ्यर्थियों को 10 जनवरी 2011 के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक एवं अन्य योग्यताओं को पूरा करना अनिवार्य है।
भर्ती एवं पदोन्नति नियमों की प्रति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट himachal.nic.in पर उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि जिला सोलन के लिए रोजगार कार्यालय द्वारा प्रेषित पात्र उम्मीदवारों की सूची कार्यालय की वेबसाइट shadestech.wixsite.com पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर अपना नाम एवं काउंसलिंग की तिथि देखकर निर्धारित समय पर उपस्थित हो सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, ऐसे पात्र उम्मीदवार जिनके नाम रोजगार कार्यालय द्वारा प्रेषित नहीं किए गए हैं या जो किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उन्हें 09 जून 2026 को आयोजित काउंसलिंग में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।
विभाग ने सभी इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से समय पर काउंसलिंग में भाग लेने तथा अधिक जानकारी के लिए अपने संबंधित जिला उप निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) कार्यालय से संपर्क करने का आग्रह किया है।






