सोलन, 1 जून ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
सोलन शहर के काली माता मंदिर क्षेत्र में एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को पुलिस थाना सदर सोलन को क्षेत्रीय अस्पताल से सूचना मिली कि काली माता मंदिर क्षेत्र में हुए झगड़े में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि शामती-राजगढ़ मार्ग पर काली माता मंदिर के समीप दो वाहनों की मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि बाद में खुण्डीधार क्षेत्र में आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की।
इसके बाद शूलिनी माता मंदिर के पास शिकायतकर्ता पक्ष के वाहन को रोककर उन पर लोहे की रॉड, गंडासे और अन्य हथियारों से हमला किया गया।
हमले में एक व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। घटना में वाहन को भी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सदर सोलन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है, जिसे पुलिस ने जांच का हिस्सा बनाया है।
जिला पुलिस सोलन ने मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी चिराग वर्मा (25 वर्ष) निवासी हॉस्पिटल रोड, सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 1 जून को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जिला पुलिस सोलन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मामले की जांच जारी है।






