नालागढ़ (रामशहर,) 1 जून
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मितियां में आयोजित तीन वर्षीय एक दिवसीय कुश्ती मेला बड़े ही शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
दंगल में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मेघालय, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों के 500 से अधिक नामी पहलवानों ने भाग लिया।
कुश्ती प्रतियोगिता में करीब 250 पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया और उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे शुरू हुई और देर शाम 8 बजे तक चली। मेले का आनंद लेने के लिए स्थानीय पंचायत के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी हजारों लोग पहुंचे।
छोटी माली की कुश्ती बंटी नयना देवी और लाली फगवाड़ा के बीच हुई, जिसमें लाली फगवाड़ा विजेता रहे। विजेता को 5,100 रुपये नकद पुरस्कार एवं पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।

वहीं बड़ी माली की रोमांचक कुश्ती कालू बाड़वालिया और निशांत बाबा फलाई के बीच हुई।
इस मुकाबले में निशांत बाबा फलाई ने जीत हासिल की। उन्हें कुश्ती कमेटी की ओर से 12,500 रुपये नकद पुरस्कार तथा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
मेले के दौरान मंदिर कमेटी द्वारा पहलवानों एवं श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई।
वहीं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आम जनता के लिए ठंडे पेयजल की छबील लगाकर सेवा कार्य किया।
मेले के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने आयोजन समिति की सराहना की।






