पीजीआईएमईआर ने जताया परिवार का आभार।
चंडीगढ़, 15 जून
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
देहदान को महादान बताते हुए पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ के एनाटॉमी विभाग को सोमवार को अंबाला (हरियाणा) निवासी 66 वर्षीय सतपाल का पार्थिव शरीर प्राप्त हुआ। सतपाल का निधन 15 जून 2026 को हुआ था।
पीजीआईएमईआर के एनाटॉमी विभाग के अनुसार स्वर्गीय सतपाल के पुत्र सचिन कुमार, भाई सनेह पाल, भतीजे सुशील कुमार धीमान, प्रमोद कुमार तथा अन्य परिजनों ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए देहदान किया।
विभाग ने इस मानवीय एवं प्रेरणादायक पहल के लिए पूरे परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में देहदान का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान होता है। इससे मेडिकल विद्यार्थियों को मानव शरीर की संरचना का अध्ययन करने में सहायता मिलती है तथा भविष्य के चिकित्सकों के प्रशिक्षण में मदद मिलती है।
पीजीआईएमईआर ने आम नागरिकों से भी देहदान के प्रति जागरूक होने और इस महादान में भागीदारी निभाने की अपील की है।
देहदान एवं एम्बामिंग संबंधी जानकारी के लिए पीजीआईएमईआर की हेल्पलाइन 0172-2755201 (कार्यालय समय) तथा 9660030095 (24×7) पर संपर्क किया जा सकता है।










