बीबीएन, 14 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बद्दी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की एक्स-सेल (X-Cell) टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चिट्टा (हेरोइन) तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
इस दौरान सप्लायर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 36.14 ग्राम चिट्टा, दो डिजिटल तराजू और 49,500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने नालागढ़-दभोटा रोड स्थित गांव राजपुरा में एक मोटरसाइकिल रिपेयर की दुकान और वहां खड़ी एक ऑल्टो कार में छापेमारी की।
मौके से पुलिस ने पवननीर सिंह निवासी शाहपुर बेला जिला रोपड़ (पंजाब), सतपाल सिंह निवासी गागूवाल नालागढ़ तथा राजीव कुमार निवासी ढांग उपरली नालागढ़ को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान ऑल्टो कार (एचपी-12डी-7078) के स्टीयरिंग कवर के नीचे से 24.94 ग्राम तथा मोटरसाइकिल रिपेयर की दुकान के भीतर से 11.20 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 36.14 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले पदार्थ को तौलने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दो डिजिटल तराजू और 49,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में पुलिस थाना नालागढ़ में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा ड्रग नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालते हुए इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करों और ड्रग माफिया के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।










