चंडीगढ़, 24 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित इंटर-स्टेट बस टर्मिनस (ISBT) के पीछे संदिग्ध IED और हथियार बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद ISBT-43 और शहर के अन्य प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट्स पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस के अनुसार संदिग्ध विस्फोटक सामग्री एक बैग में रखे टिफिन के अंदर छिपाई गई थी। तलाशी के दौरान एक पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
कुछ रिपोर्टों के मुताबिक बरामद सामग्री में करीब 5 किलोग्राम जिलेटिन स्टिक्स, डेटोनेटर, पावर सोर्स और रिमोट ऑपरेटेड सिस्टम भी शामिल हैं।

पुलिस ने मामले में पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान लवप्रीत सिंह (19), जसनप्रीत सिंह (21) और प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19) के रूप में हुई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
आतंकी साजिश का एंगल भी जांच के दायरे में
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आरोपियों के कथित तौर पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े नेटवर्क से संपर्क के संकेत मिले हैं।
जांच एजेंसियां कथित विदेशी हैंडलर से इनके संपर्क और संभावित लक्ष्य के संबंध में पूछताछ कर रही हैं। हालांकि, इस पूरे एंगल की जांच अभी जारी है और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
मामले में चंडीगढ़ के सेक्टर-36 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर बरामद सामग्री की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है।
सुरक्षा के मद्देनजर ISBT-43 के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है तथा शहर के अन्य संवेदनशील और प्रमुख आवागमन वाले स्थानों पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। जांच एजेंसियां आरोपियों के नेटवर्क, विस्फोटक सामग्री के स्रोत और संभावित साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।









