शिमला 26 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
नशे के अवैध कारोबार और अवैध खेती के खिलाफ शिमला पुलिस के विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना चिड़गांव की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सेब के पेड़ों के बीच करीब दो बिस्वा भूमि पर उगाई गई भांग की खेती का पता लगाकर कुल 1,240 पौधे बरामद किए।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर राजस्व विभाग और स्थानीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खसरा नंबर 1200 की तलाशी ली गई। जांच के दौरान करीब 70 वर्षीय योगिंदर सिंह निवासी चिड़गांव द्वारा भांग की अवैध खेती किए जाने का मामला सामने आया।

पुलिस ने मौके से 20 भांग के पौधों और मिट्टी के नमूनों को कब्जे में लिया, जबकि शेष 1,220 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इस मामले में पुलिस थाना चिड़गांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे की अवैध खेती और कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।







