/बिजली की सर्विस वायर ले जाने का विरोध,सीएम हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत

बिजली की सर्विस वायर ले जाने का विरोध,सीएम हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत

सोलन (रामशहर) 26 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के गांवों हलकों में भी आपसी विवाद और विरोध के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सोलन जिले की रामशहर तहसील के तहत ग्राम पंचायत मटूली में सामने आया है, जहां पड़ोसी के नए मकान तक बिजली की सर्विस वायर पहुंचाए जाने को लेकर जमीन मालिक ने आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर शिकायत की है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मटूली के गांव महादेव में पवन कुमार कौशल की मलकीयत बगीचे की भूमि खसरा नंबर 68 में विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित है,
जहां से अशोक कुमार उर्फ काला पुत्र विजय राम के नए मकान को सर्विस वायर के माध्यम से बिजली कनेक्शन दिया गया है।

बताया जा रहा है कि सर्विस वायर दूसरे व्यक्ति की जमीन से होकर मकान तक पहुंचाई गई है। इसी को लेकर जमीन के मालिक ने आपत्ति जताते हुए सीएम हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत दर्ज करवाई है।

इस मामले को लेकर हिम नयन न्यूज़ ने सहायक अभियंता विद्युत विभाग रामशहर भूपेंद्र सिंह सैनी से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके संज्ञान में इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमानुसार पोल से सीधे बिजली कनेक्शन दिया जा सकता है।

सहायक अभियंता ने कहा कि यदि इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है तो मामले की जांच कर नियमानुसार समाधान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मामला उनके ध्यान में अभी नहीं है, लेकिन शिकायत आने पर उसका उचित समाधान किया जाएगा।