/रामशहर क्षेत्र की पंचायतों में विधायक बावा हरदीप सिंह का तूफानी दौरा।

रामशहर क्षेत्र की पंचायतों में विधायक बावा हरदीप सिंह का तूफानी दौरा।

कई विकास कार्यों की घोषणाएं।

रामशहर, 17 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक बावा हरदीप सिंह ने बुधवार को रामशहर के पहाड़ी क्षेत्र की करीब आधा दर्जन पंचायतों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया।

दौरे के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत बहेड़ी के बलैहड़, ग्राम पंचायत रामशहर के बाली तथा ग्राम पंचायत धर्माणा के कटटल और जखौल गांवों में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले दो सप्ताह के भीतर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान होगा।

उन्होंने कटटल संपर्क मार्ग को शीघ्र डेढ़ किलोमीटर तक पक्का करने का आश्वासन दिया। वहीं ग्राम पंचायत डोली के सुन्ना गांव में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 6 से 8 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम पंचायत बहेड़ी के गुनाह स्थित सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर के डंगे के निर्माण के लिए दो लाख रुपये तथा बैरीघाट संपर्क मार्ग के लिए भी दो लाख रुपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर नालागढ़ कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ठाकुर बाबूराम, ग्राम पंचायत धर्माणा की प्रधान दीक्षा देवी, उपप्रधान महंत सिंह परमार, बीडीसी सदस्य अमन कुमारी, ग्राम पंचायत डोली की प्रधान राम कुमारी, उपप्रधान सुनील दत्त, ग्राम पंचायत रामशहर के प्रधान रविंद्र मोहन रवि, उपप्रधान सुरेंद्र ठाकुर तथा ग्राम पंचायत बहेड़ी के पूर्व प्रधान सतपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रशासन की ओर से नालागढ़ के उपमंडल अधिकारी नरेंद्र कुमार अहलूवालिया, तहसीलदार रामशहर डॉ. अभिषेक ठाकुर, नायब तहसीलदार राजेंद्र ठाकुर, थाना प्रभारी विनोद कुमार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।