शिमला(चिरगांव) 18 जून
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हिमाचल के जिला शिमला के चिरगांव क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 3,591 अफीम के पौधे बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस थाना चिरगांव की टीम को 17 जून को गश्त के दौरान चमराड़ा क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती किए जाने की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई।
सूचना के आधार पर पुलिस ने स्थानीय स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सेब के पौधों के बीच अवैध रूप से उगाए गए 1,570 अफीम के पौधे (पॉड सहित) बरामद किए गए। पुलिस ने आवश्यक नमूने कब्जे में लेकर सील किए तथा शेष पौधों को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया।

इस संबंध में पुलिस थाना चिरगांव में अभियोग संख्या 56/2026, धारा 18 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पहले मामले की जांच के दौरान पुलिस को उसी क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती संबंधी एक अन्य गोपनीय सूचना मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में दोबारा तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान खसरा नंबर 702 स्थित सेब के बगीचे में अवैध रूप से उगाए गए 2,021 अफीम के पौधे (पॉड सहित) बरामद हुए।
पुलिस ने पौधों के नमूने कब्जे में लेकर सील किए तथा शेष पौधों को मौके पर नष्ट कर दिया। इस संबंध में अभियोग संख्या 57/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में कुल 3,591 अफीम के पौधे बरामद किए गए हैं।
आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामलों की जांच पुलिस थाना चिरगांव द्वारा जारी है।









