18.5 लाख से अधिक वाहनों का सुचारु संचालन
शिमला 28 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन के दौरान शिमला में पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद के बावजूद शिमला पुलिस ने प्रभावी एवं सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया है। सीमित सड़क क्षमता वाले पहाड़ी शहर में मई एवं जून 2026 के दौरान अब तक विभिन्न प्रवेश मार्गों से 18.5 लाख से अधिक वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया।
इनमें मई माह में लगभग 8.5 लाख तथा जून माह में अब तक लगभग 10 लाख वाहन शामिल हैं।
बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों की संख्या 136 से बढ़ाकर 265 की गई। इसके अतिरिक्त लगभग 50 स्वयंसेवकों तथा 32 ट्रैफिक बाइक राइडर्स की तैनाती की गई, जिससे यातायात बाधाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया और निर्बाध संचालन सुनिश्चित हो सका।
इस वर्ष यातायात प्रबंधन की रणनीति का प्रमुख आधार विकेन्द्रीकृत फील्ड कमांड रहा। पूरे शहर को पांच सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर का दायित्व ग्रेड-वन अधिकारियों को सौंपा गया।
इन अधिकारियों ने सड़क पर स्वयं मौजूद रहकर यातायात संचालन का नेतृत्व किया। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लगातार फील्ड विजिट कर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की तथा आवश्यकता पड़ने पर मौके पर ही त्वरित निर्णय लेकर समस्याओं का समाधान किया।
यातायात बाधित होने की स्थिति में सेक्टर अधिकारियों, ट्रैफिक बाइक राइडर्स एवं तीन क्रेनों की संयुक्त कार्रवाई से मार्गों को शीघ्र सामान्य किया गया।
शहर के भीतरी क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने के उद्देश्य से कुफरी, मशोबरा, नालदेहरा तथा अपर शिमला एवं किन्नौर की ओर जाने वाले वाहनों को शोगी–मेहली बाईपास का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है और प्रतिदिन औसतन 600 से 800 वाहन इस वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर रहे हैं।
इसके अलावा पार्किंग स्थलों का प्रभावी प्रबंधन, सोशल मीडिया के माध्यम से रीयल-टाइम ट्रैफिक अपडेट, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा तथा इंटरसेप्टर वाहनों के जरिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाना भी समग्र यातायात प्रबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
शिमला पुलिस के ट्रैफिक विंग, जिला पुलिस, होमगार्ड, स्वयंसेवकों एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों के चलते पर्यटन सीजन के व्यस्ततम दिनों में भी शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही। जिला पुलिस ने नागरिकों एवं पर्यटकों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी से यातायात नियमों का पालन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की









