शिमला, 7 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
जिला शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए उसके मास्टरमाइंड को पंजाब के बठिंडा से गिरफ्तार किया है।
मामले में अब तक कुल लगभग 178 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को कनलोग स्थित एक होम-स्टे में छापेमारी के दौरान बठिंडा निवासी गोपाल कुमार के कब्जे से करीब 16 ग्राम चिट्टा बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जांच में मिले सुरागों के आधार पर 23 जून को मोहाली से गुरुवचन उर्फ गुरु को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से करीब 162 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आगे की जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी बठिंडा निवासी दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ के लिए काम कर रहे थे, जो पूरे नेटवर्क का सरगना था।
विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से 5 जुलाई 2026 को दीपक कुमार को बठिंडा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच के अनुसार, दीपक ने मोहाली में एक फ्लैट किराये पर ले रखा था, जहां बठिंडा से चिट्टा लाकर रखा जाता था। गुरुवचन वहां से छोटी-छोटी खेप गोपाल कुमार को देता था, जबकि गोपाल शिमला के विभिन्न स्थानों पर पूर्व निर्धारित लोकेशन पर चिट्टा रख देता था। खरीदारों को उन स्थानों की जानकारी सीधे दीपक कुमार उपलब्ध कराता था और बिक्री से प्राप्त राशि भी अंततः उसी तक पहुंचाई जाती थी।
पुलिस ने वैज्ञानिक एवं सतत जांच के माध्यम से इस तीन-स्तरीय नशा तस्करी नेटवर्क का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ कर उसे ध्वस्त करने का दावा किया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ के विरुद्ध पंजाब में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 का एनडीपीएस एक्ट के तहत चिट्टा तस्करी का मामला तथा वर्ष 2018 और 2022 के अन्य आपराधिक मामले शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी दीपक को न्यायालय में पेश कर 7 जुलाई 2026 तक का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
जिला शिमला पुलिस ने कहा है कि नशा तस्करी के सप्लाई नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









