सोलन 18 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पुलिस थाना सदर सोलन के तहत करोल कॉलोनी, बसाल में शराब के सेवन के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक पर तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है।
घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में FIR संख्या 0178/26, दिनांक 16 अगस्त 2026, धारा 109 व 115(2) BNS के तहत पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता सारांश तेजवान निवासी गांव थली, डाकघर जांगला, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला ने पुलिस को बताया कि वह अपने गांव के युवक मयंक के साथ पिछले करीब तीन माह से करोल कॉलोनी, बसाल में किराये के कमरे में रह रहा था।
15 अगस्त की रात करीब 11 बजे मयंक और निखिल कमरे में पहुंचे। निखिल अपने साथ शराब की बोतल लेकर आया था। दोनों के दोबारा शराब लेकर लौटने के बाद तीनों शराब का सेवन करने लगे।
इसी दौरान मयंक और निखिल के बीच देवता से संबंधित किसी बात को लेकर बहसबाजी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। शिकायतकर्ता ने दोनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि निखिल ने आधी कांच की शराब की बोतल से उसके सिर के बाईं ओर वार कर दिया।
इसके बाद मयंक और निखिल बाथरूम में चले गए, जहां झगड़े के दौरान निखिल ने शेफ चाकू उठाकर मयंक पर हमला करना शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह वैभव को बुलाने के लिए जाने लगा तो निखिल ने उसे पकड़कर उसके बाएं कंधे पर चाकू से दो वार किए।
बाद में शिकायतकर्ता वैभव के कमरे में पहुंचा और घटना की जानकारी दी। वापस कमरे में आने पर मयंक बाथरूम के दरवाजे पर पेट पकड़कर खड़ा मिला।
मयंक ने बताया कि निखिल ने उसके पेट में चाकू से वार किया है। इसके बाद अभिषेक और वैभव उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले गए, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
मयंक का उपचार फिलहाल आईजीएमसी शिमला में चल रहा है। अन्य घायल युवक का भी उपचार करवाया गया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 16 अगस्त 2026 को चंबाघाट से निखिल संजटा (19), निवासी गांव दिस्वानी, डाकघर कलोटी, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। आरोपी को 17 अगस्त 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया/किया जा रहा है तथा उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में सामने आया है कि निखिल, मयंक और शिकायतकर्ता सारांश अपने किराये के कमरे में शराब का सेवन कर रहे थे।
इसी दौरान मयंक और निखिल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान निखिल ने मयंक और सारांश पर तेजधार हथियार से हमला किया, जिसमें मयंक को गंभीर चोटें आईं।
मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।










