/चंबा के 7.19% हिस्से के हक की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में : मुकेश अग्निहोत्री

चंबा के 7.19% हिस्से के हक की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में : मुकेश अग्निहोत्री


चंबा, 16 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गत दिवस चंबा के ऐतिहासिक चौगान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस दौरान उन्होंने चंबा के लिए 15 नई इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि चंबा में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एचआरटीसी के बेड़े में 1,000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी।

सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में हिमाचल का अधिकार
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है। पंजाब पुनर्गठन कानून के तहत हिमाचल के 7.19 प्रतिशत हिस्से के हक का मामला अब सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में पहुंच गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सर्वोच्च न्यायालय हिमाचल के हक में फैसला देगा और प्रदेश को उसका उचित हिस्सा मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए चंबा को सड़क सुरक्षा के लिए पायलट जिला बनाने की घोषणा की। इसके लिए 5 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे।

डेटा आधारित सड़क सुरक्षा उपायों के माध्यम से दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को न्यूनतम करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सत्ता में आते ही पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, जिससे 1.36 लाख कर्मचारियों को लाभ मिला।

निगमों और बोर्डों के ओपीएस से वंचित कर्मचारियों को भी इसका लाभ देने की दिशा में सरकार महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।

चंबा-चुवाड़ी सुरंग से 26 किलोमीटर कम होगी दूरी
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चंबा के विकास के लिए सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चंबा-चुवाड़ी के बीच 14.816 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण लगभग 4,594 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है। इसके बनने से दोनों स्थानों के बीच की दूरी करीब 26 किलोमीटर कम हो जाएगी।

उन्होंने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए आत्मनिर्भर और मजबूत हिमाचल के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने विकास, सामाजिक न्याय और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में प्रदेशवासियों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री आशा कुमारी और ठाकुर सिंह भरमौरी, विधायक नीरज नैयर सहित अन्य गणमान्य अतिथि तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।