शिमला, 14 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने आरोप लगाया कि एक कार्यक्रम स्थल का कथित “शुद्धिकरण” इस आधार पर किया गया कि वहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उपस्थिति से स्थल “अपवित्र” हो गया था।
उन्होंने इस घटना को अत्यंत घृणित बताते हुए कहा कि यह भाजपा की भेदभावपूर्ण मानसिकता का परिचायक है।

विनय कुमार ने कहा कि यह शर्मनाक और प्रतिगामी कृत्य केवल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का ही नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की गरिमा, समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और मानव गरिमा जैसे संवैधानिक मूल्यों का भी अपमान है।
उन्होंने कहा कि संविधान से संचालित लोकतांत्रिक भारत में ऐसी भेदभावपूर्ण सोच और प्रथाओं के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता।
इस मुद्दे के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहरी एवं ग्रामीण के तत्वावधान में शिमला में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला।

मार्च में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, महासचिव यशपाल तनाइक, सत्यजीत नेगी, आदर्श सूद, यशवंत छाजटा, विनव चंदेल, विनीत गौतम, सुरेश नागटा, उषा राठौर, पवन ठाकुर, चमन, सीमा चौहान, रीता भारद्वाज, मोहन नेगी और सुरेंद्र चौहान सहित अनेक नेता मौजूद रहे।
विरोध मार्च में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल, शहरी अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, जिला परिषद सदस्य अनुराधा, अनिता शर्मा, प्रियंका तंवर, एस.के. सहगल, प्रभा वर्मा, देवेंद्र ठाकुर, राजेश शर्मा, रजेडे ठाकुर तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।










