/वन मित्रों का मानदेय बढ़ाकर ₹12 हजार, भराड़ी बनेगी तहसील: मुख्यमंत्री सुक्खू

वन मित्रों का मानदेय बढ़ाकर ₹12 हजार, भराड़ी बनेगी तहसील: मुख्यमंत्री सुक्खू

शिमला, 14 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बिलासपुर जिले के निहारी में राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करते हुए वन मित्रों का मासिक मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये करने की घोषणा की।

उन्होंने सहजन का पौधा रोपकर अभियान की शुरुआत की और बताया कि वन महोत्सव के तहत प्रदेश में 7,000 हेक्टेयर क्षेत्र में 50 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।

दधोल में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने भराड़ी उप-तहसील को तहसील का दर्जा देने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हटवाड़ में दो अतिरिक्त डॉक्टरों के पद सृजित करने, तड़ौन पंचायत में पशु औषधालय खोलने तथा राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में एमबीए, एमसीए और एमटीए तथा घंडावली कॉलेज में बीबीए और बीसीए की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की।

उन्होंने 15 अगस्त के विद्यालयी कार्यक्रमों के स्थान पर 17 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 6,000 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है और 4,000 और शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देते हुए किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है, जिससे हल्दी जैसी फसलों से किसानों की आय में वृद्धि हो रही है।

उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा 7 लाख रुपये से बढ़ाकर 8.50 लाख रुपये किए जाने का उल्लेख किया।

साथ ही कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों का उपयोग गरीबों के कल्याण के लिए किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने वाइल्डफ्लावर हॉल मामले में प्रदेश सरकार की जीत, किशाऊ बिजली परियोजना में प्रदेश के हितों की रक्षा, भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड से 7,200 करोड़ रुपये के बकाया दावे तथा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाली जैसे मुद्दों पर भी सरकार का पक्ष रखा।

उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में एआईएमएसएस चमियाना, आईजीएमसी, टांडा और नेरचौक में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू किए जाने की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दर्जा देकर, प्राकृतिक खेती, मछुआरों, विधवाओं के बच्चों और युवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।