/पिपलूघाट स्वास्थ्य उपकेंद्र को PHC में अपग्रेड करने की मांग, ग्राम सभा में पारित किया प्रस्ताव

पिपलूघाट स्वास्थ्य उपकेंद्र को PHC में अपग्रेड करने की मांग, ग्राम सभा में पारित किया प्रस्ताव

सोलन(अर्की )23 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

सोलन जिले की अर्की के सुरजपुर पंचायत में पंचायत चुनाव-2026 के बाद आयोजित पहली ग्राम सभा में पिपलूघाट स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र (SHC) को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में अपग्रेड करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

ग्राम सभा में इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर अर्की के विधायक को भी भेजा गया है, ताकि इस मांग को सरकार एवं संबंधित विभाग के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।

सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कुमार (रिंकू), रूग (भलेड़), पिपलूघाट ने कहा कि सुरजपुर पंचायत के पिपलूघाट में लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर केवल हेल्थ सब सेंटर संचालित है, जो वर्तमान समय की जरूरतों को देखते हुए पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की योजना में पिपलूघाट स्वास्थ्य उपकेंद्र को PHC में अपग्रेड करने को शामिल करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि पिपलूघाट मुख्य चौक सरयांज, बखालग, बसंतपुर और कूंहर पंचायतों के लिए भी केंद्र बिंदु है। ऐसे में यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित होने से आसपास की पंचायतों की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

प्रदीप कुमार ने कहा कि PHC में बुनियादी स्वास्थ्य जांच के आधुनिक उपकरणों सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारियों एवं चोटों के उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

दुर्घटना की स्थिति में भी तत्काल प्राथमिक उपचार मिलने से गंभीर स्थिति और जान के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की अहम भूमिका है। ग्रामीण जनता की ओर से सरकार और प्रशासन से आग्रह है कि पिपलूघाट के हेल्थ सब सेंटर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाए और इसे जल्द स्वीकृति प्रदान की जाए।