किरायेदार सत्यापन पर दिया जोर
बद्दी, 2 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
बद्दी पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में नशा निवारण जागरूकता बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों, इसकी रोकथाम तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के संबंध में जागरूक किया गया।

पुलिस चौकी दभोटा के अंतर्गत ग्राम पंचायत माजरा, भाटिया, भोगपुर, ढांग उपरली और ढांग निचली में पंचायत प्रधानों, सचिवों एवं सदस्यों की उपस्थिति में बैठकें आयोजित की गईं। वहीं, पुलिस थाना मानपुरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत लेही तथा पुलिस थाना रामशहर के अंतर्गत रामशहर, मटोली और चांमदार पंचायतों में भी नशा निवारण बैठकों का आयोजन किया गया।

बैठकों के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और ग्राम समिति के सदस्यों को नशे के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों से नशे के खिलाफ पुलिस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

इस दौरान आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 के उपयोग की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस ने पंचायत प्रतिनिधियों को किरायेदार सत्यापन (टेनेंट वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी तथा इसे सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बद्दी पुलिस ने आम जनता से अपील की कि नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा सेवन से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से नशे पर अंकुश लगाया जा सके।










