शिमला, 2 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अमित नंदा ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की आजादी में उनके महान योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में सम्मान के साथ याद किए जाते हैं।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश की सुरक्षा के लिए जवानों और खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी सादगी और राष्ट्रसेवा की प्रतिमूर्ति थे तथा उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की महासचिव जैनब चंदेल ने कहा कि कांग्रेस को अपने महान नेताओं के योगदान पर गर्व है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देश और दुनिया को सत्य, अहिंसा तथा मानवता का मार्ग दिखाया, जो आज भी समाज का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि देश आजादी के वीरों के बलिदान का ऋण कभी नहीं चुका सकता।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री देश के प्रेरणास्रोत थे और हमेशा रहेंगे।
इस अवसर पर वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, कांग्रेस महासचिव सोनिया चौहान, अनिता वर्मा, राजकुमारी सोनी, शिमला जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, आनंद कौशल, राजेश शर्मा, एस.के. सहगल, राजेश वर्मा, पार्षद अश्वनी सूद व चमन प्रकाश सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।









