दून क्षेत्र के 13 विद्यालयों में 99 लाख रुपये से बनेंगे अतिरिक्त कक्षा कक्ष, 100 स्थानों पर ट्यूबवेल के लिए स्थल चिन्हित
बद्दी 1अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला मानकपुर में समग्र शिक्षा अभियान के तहत 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्षा कक्ष के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत दून विधानसभा क्षेत्र के 13 विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए कुल 99 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

राम कुमार चौधरी ने बताया कि मानकपुर के अलावा राजकीय प्राथमिक पाठशाला बिल्लावाली, हररायपुर और कुंजहाल में 9-9 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्षा कक्ष बनाए जाएंगे।
वहीं राजकीय माध्यमिक पाठशाला बेलीदयोड में 18 लाख रुपये तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला बद्दी में 9 लाख रुपये की लागत से कक्षा कक्ष का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे करवाए जाएंगे।

100 स्थानों पर ट्यूबवेल के लिए स्थल चिन्हित
विधायक ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पेयजल संबंधी समस्याएं उनके ध्यान में लाई गई हैं। इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए क्षेत्र में 100 स्थानों पर ट्यूबवेल स्थापित करने हेतु स्थल चिन्हित किए गए हैं। जल शक्ति विभाग के हाइड्रोजियोलॉजिकल सर्वेक्षण में इन स्थानों को भूजल उपलब्धता की दृष्टि से उपयुक्त पाया गया है।
उन्होंने बताया कि चिन्हित स्थानों में तालड़, साईपट्टा, बेहकोलियां, दुन्नी ग्राम पंचायत नालका, घरैड़, सूरजपुर, शीतलपुर, खालटू, किशनपुरा, मंडेसर, दल्याण, कुठाड़, जतरोग, समलोह, हरिपुर, बघौरी, बरोटीवाला और झाड़माजरी सहित दून क्षेत्र के विभिन्न गांव व ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार अधिकांश स्थानों पर करीब 70 से 90 मीटर तक ड्रिलिंग की प्रस्तावित गहराई निर्धारित की गई है। विधायक ने बताया कि हैंडपंप कार्य की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शीघ्र ही कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। चिन्हित स्थानों पर ट्यूबवेल स्थापित होने से ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को पानी की समस्या से राहत मिलेगी।
इससे पूर्व विधायक राम कुमार चौधरी ने बद्दी में क्योरटेक फार्मा की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी किया।
इस अवसर पर मानकपुर के पूर्व प्रधान गुरनाम सिंह, ग्राम पंचायत बरोटीवाला के पूर्व उपप्रधान हेमराज, लोदीमाजरा के पूर्व प्रधान रामलाल, ग्राम पंचायत मानपुरा के पूर्व प्रधान गुरमेल सिंह, समाजसेवी चरणजीत सिंह चन्नी, करमचंद, नाथूराम, बलविंदर ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










