/चनाल माजरा के तालाब से लापता व्यक्ति का शव बरामद।

चनाल माजरा के तालाब से लापता व्यक्ति का शव बरामद।

शरीर पर मिले चोट के निशान।

बद्दी 30 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

औद्योगिक नगरी बीबीएन में मानपुरा पुलिस ने चनालमाजरा क्षेत्र में लापता हुए एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक छोटे तालाब से बरामद किया है।


इस बात की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि 30 सितंबर को उमेश कुमार पुत्र लक्ष्मण महतो, निवासी बिहार, हाल निवासी चनालमाजरा, तहसील बद्दी ने अपने भाई मुकेश कुमार के 28 सितंबर से लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी।

शिकायत के मुताबिक मुकेश कुमार 28 सितंबर की शाम कुछ साथियों के साथ गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस संबंध में मानपुरा थाना में धारा 127(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने मामले में हत्या से संबंधित धारा 103 बीएनएस भी जोड़कर जांच तेज कर दी है।

तलाश के दौरान पुलिस टीम को चनालमाजरा क्षेत्र स्थित एक छोटे तालाब से मुकेश कुमार का शव बरामद हुआ।

मौके पर पहुंचे मृतक के भाई उमेश कुमार ने शव की पहचान की। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने मामले में धारा 103 बीएनएस भी जोड़ दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। वहीं, एसएफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र एवं सुरक्षित किए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच और पुलिस कार्रवाई का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को मामले की गहनता से जांच के निर्देश दिए।

पुलिस द्वारा घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं, उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर अमल में लाई जाएगी।