दो आरोपी गिरफ्तार, दोनों ग्रेनेड बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित रूप से किए नष्ट
नालागढ़, 30 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
हिमाचल के पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत ग्रेनेड बरामदगी के मामले में बद्दी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ पुत्र प्यारा, निवासी गांव मजरा, डाकघर बरूणा, तहसील नालागढ़ को पुलिस ने पहले गिरफ्तार किया था।
इसके बाद उसकी पत्नी किरना को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों से मामले को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
जांच के दौरान बुधवार को पुलिस टीम ने आरोपी के मकान से सटे खेत से एक और ग्रेनेड बरामद किया। इससे पहले भी पुलिस एक ग्रेनेड बरामद कर चुकी है। बरामद दोनों ग्रेनेड को बम निरोधक दस्ते ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।
पुलिस ने बम निरोधक दस्ते की सहायता से आरोपी के घर तथा आसपास के क्षेत्र में भी गहन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान कोई अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
मामले की गहन जांच और सभी पहलुओं को खंगालने के लिए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस थाना नालागढ़ में 29 सितंबर 2026 को Arms Act की धारा 25(1)(a) तथा Explosive Substances Act, 1908 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा ग्रेनेड के स्रोत सहित मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।







