संगठन विस्तार का किया ऐलान
शिमला, 29 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस ने सोमवार को शिमला स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश के किसानों और सेब बागवानों से जुड़े मुद्दे उठाए तथा संगठन के जिला और ब्लॉक स्तर तक विस्तार की घोषणा की।

प्रदेश किसान कांप्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष रवि शर्मा ने कहा कि किसान कांग्रेस शिमला जिला सहित विभिन्न जिलों और ब्लॉकों में अपनी कार्यकारिणियों का गठन अंतिम चरण में कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सेब बागवानों से किए गए वादे पूरे नहीं हुए और विदेश से आने वाले सेब पर आयात शुल्क कम होने से हिमाचल के बागवानों को बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) शिमला के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने दावा किया कि केंद्र सरकार की नीतियों से किसानों और बागवानों को नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों और बागवानों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाती रहेगी।
नवनियुक्त शिमला जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष ममता ठाकुर ने कहा कि संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जा रही है।
ठियोग क्षेत्र से होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बागवानी से जुड़ी महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आयातित सेब का असर प्रदेश की सेब अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।
पत्रकार वार्ता में किसान कांग्रेस ने कहा कि वह जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए किसानों और बागवानों के मुद्दों को उठाने का अभियान जारी रखेगी।









