/नालागढ़ में आपसी विवाद की जांच के दौरान मिला संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु, क्षेत्र सील

नालागढ़ में आपसी विवाद की जांच के दौरान मिला संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु, क्षेत्र सील

नालागढ़, 29 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

बद्दी पुलिस ने नालागढ़ के गांव माजरा (डाकघर बरूणा) में दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद की जांच के दौरान एक घर के समीप संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु बरामद होने के बाद सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है।

पुलिस ने बम डिस्पोजल टीम को मौके पर बुलाकर वस्तु की सुरक्षित जांच और निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पुलिस चौकी जोघों के अंतर्गत गांव माजरा में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर थाना नालागढ़ में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम को एक घर के पास संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु मिली। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इसकी वास्तविक प्रकृति और स्थिति की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही होगी।