राज्यपाल ने शिक्षा को संस्कार, स्वास्थ्य, योग और आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर दिया जोर
सोलन, 2 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को सोलन जिले के गंकी सेर स्थित माधव सृष्टि बहुआयामी शिक्षण संस्थान परिसर में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन किया।

यह संस्थान विद्या भारती हिमाचल द्वारा संचालित किया जा रहा है।
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और अंतिम व्यक्ति तक सेवा के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि सेवा को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखकर जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान और रोजगार उपलब्ध करवाना नहीं, बल्कि बच्चों में चरित्र, अनुशासन, आत्मविश्वास, राष्ट्रीय चेतना और सेवा भावना का विकास करना भी है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में हिमाचल शिक्षा समिति द्वारा विद्या भारती के मार्गदर्शन में 178 सरस्वती विद्या मंदिर संचालित किए जा रहे हैं।
राज्यपाल ने माधव सृष्टि परिसर में शिक्षा, स्वास्थ्य, योग, गो-संरक्षण, औषधीय पौधों और कौशल विकास को एक साथ जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि माधव गौशाला देशी नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान दे रही है तथा गो-आधारित उत्पाद ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में सहायक हो सकते हैं।
योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा कि तनावपूर्ण जीवनशैली में योग, प्राणायाम और ध्यान का महत्व लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने योग भारती हिमाचल प्रदेश के संस्थापक श्रीनिवास मूर्ति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने माधव वनस्पति विहार में पारंपरिक औषधीय पौधों से संबंधित ज्ञान के संरक्षण की पहल को भी सराहा।
राज्यपाल ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र परिसर की सेवा-उन्मुख गतिविधियों को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाओं की सफलता का आकलन इस बात से होना चाहिए कि उनका लाभ कितने लोगों तक पहुंचता है और स्थानीय समुदाय में कितना सकारात्मक बदलाव आता है।

उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ योग और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और मजबूत चरित्र सुदृढ़ समाज की नींव हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘गांधी इन शिमला’ के लेखक विनोद भारद्वाज को हिमाचल में महात्मा गांधी की यात्राओं से जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं के दस्तावेजीकरण में योगदान के लिए सम्मानित किया।

कार्यक्रम में विद्या भारती के अखिल भारतीय महामंत्री देशराज, योग भारती हिमाचल प्रदेश के संस्थापक श्रीनिवास मूर्ति, हिमाचल शिक्षा समिति के अध्यक्ष मोहन केष्टा, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, सोलन नगर निगम की महापौर सुषमा शर्मा, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक टी. साई दत्तात्रेय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।









