शिमला (जुब्बल), 2 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
पुलिस थाना जुब्बल में दर्ज चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी हुई कार बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अजय कुमार उर्फ राजिन्द्र (32) निवासी जुब्बल, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को पुलिस थाना जुब्बल में अभियोग संख्या 42/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। चोरी की गई कार मसिना कैंची, सावड़ा क्षेत्र से चोरी हुई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने रोहड़ू और रामपुर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों की सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। हटकोटी–खड़ापत्थर–रोहड़ू, शीलघाट तथा ब्राल क्षेत्र की फुटेज की जांच के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
जांच के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई कार को 20 सितंबर 2026 को रामपुर रोड पर सुंगरी के समीप से बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपी अजय कुमार उर्फ राजिन्द्र को गिरफ्तार किया।
आरोपी को जेएमएफसी जुब्बल की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 3 अक्टूबर 2026 तक चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगामी जांच जारी है।










