/चमोली में दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा, पायलट समेत छह लोगों की मौत

चमोली में दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा, पायलट समेत छह लोगों की मौत

बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा था ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर, हाथी पर्वत क्षेत्र में हुआ दुर्घटनाग्रस्त;

चमोली/देहरादून, 30 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक हादसा ज्योतिर्मठ तहसील के चाई गांव के ऊपर हाथी पर्वत क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी इलाके में हुआ। हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी।

लगभग 2 बजे यह पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। सेना की 9 स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड की टीम करीब 3:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची और हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पायलट हिमांशु सभरवाल के अलावा अरुण सालुंके, एचएस नटराज, प्राथपा बचिहल्ली निंगराजन, सुधीर के और शंकरगौड़ा वीबी के रूप में हुई है। सभी यात्री कर्नाटक के निवासी बताए गए हैं।

इस दुखद घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को हादसे के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।