दीपावली से पहले अवैध पटाखा कारोबार पर शिमला पुलिस की कार्रवाई जारी
शिमला 6 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
दीपावली के मद्देनजर पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ शिमला पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत पुलिस थाना चिड़गांव की टीम ने बाजार स्थित एक जनरल स्टोर से पटाखों के चार बॉक्स बरामद किए हैं।
दुकान संचालक पटाखों के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को चिड़गांव बाजार में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने पूजा रोड स्थित लक्ष्मी जनरल स्टोर की तलाशी ली। इस दौरान दुकान से पटाखों के चार बॉक्स बरामद हुए।

यह दुकान शुभम सूद पुत्र अशोक सूद, निवासी चिड़गांव की बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में अभियोग संख्या 117/2026, दिनांक 05.11.2026 के तहत धारा 125, 288 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा धारा 9(b) विस्फोटक अधिनियम, 1884 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। बरामद पटाखों को नियमानुसार कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि दीपावली के मद्देनजर जिला शिमला पुलिस ने पटाखों के अवैध भंडारण, वितरण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।










