/रेडक्रॉस मेले में विद्यार्थियों ने बिखेरे हिमाचली लोक संस्कृति के रंग, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर

रेडक्रॉस मेले में विद्यार्थियों ने बिखेरे हिमाचली लोक संस्कृति के रंग, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर

दून विधायक राम कुमार चौधरी रहे मुख्य अतिथि, नाटी में शिवालिक स्कूल मानपुरा ने मारी बाजी

बद्दी (सोलन) 29 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

बद्दी में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला-2026 के तहत आज विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने हिमाचली लोक संस्कृति, परंपराओं और कला का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

कार्यक्रम में दून के विधायक राम कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा निखारने के साथ-साथ उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी भी जरूरी है। इससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित होती है।

प्रतियोगिताओं के दौरान हिमाचली लोकनृत्य नाटी, पंजाबी भंगड़ा, गिद्दा, एकल गायन, एकल नृत्य, लघु नाटिका और भाषण सहित विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति और देश की विविध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:

नाटी प्रतियोगिता में शिवालिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
भंगड़ा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरिपुर संडोली प्रथम रही।

गिद्दा प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाना ने बाजी मारी।
सोलो सॉन्ग में नवज्योति स्कूल मानपुर, मानपुरा प्रथम रहा।

सोलो डांस में वंशिका ने प्रथम स्थान हासिल किया।
लघु नाटिका में शिवालिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुर प्रथम रही।

भाषण प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुल्लरवाला की साक्षी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि रेडक्रॉस मेला सामाजिक सेवा, मानवीय संवेदना और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, उपमंडलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।