/लंबित राजस्व मामलों का त्वरित समाधान बनाया जाए सुनिश्चित–उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

लंबित राजस्व मामलों का त्वरित समाधान बनाया जाए सुनिश्चित–उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

विशेष राजस्व लोक अदालत के तहत प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित

चंबा, 28 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने जिला के सभी राजस्व अधिकारियों को लंबित राजस्व मामलों के त्वरित समाधान के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छह माह तथा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित सभी मामलों का निस्तारण आगामी 31 मार्च तक सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।


उपायुक्त आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में विशेष राजस्व लोक अदालत के तहत विभिन्न राजस्व मामलों के समाधान की प्रगति की समीक्षा को लेकर आयोजित जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।


उन्होंने बताया कि नवंबर माह में अब तक जिला में 74 तक्सीम (पार्टीशन), 67 सीमांकन (डीमार्केशन) तथा 46 राजस्व अभिलेख दुरुस्ती से संबंधित मामलों का निपटारा किया जा चुका है।


उपायुक्त ने एसडीएम, तहसील एवं उपतहसील स्तर पर राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निस्तारित मामलों का विवरण आरएमएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें तथा इनके निपटारे में अनावश्यक विलंब न होने दें।


बैठक में अतिक्रमण से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई कर उनका समाधान सुनिश्चित बनाने को कहा।


इस दौरान लेखा परीक्षा टिप्पणियों, ई-डिस्ट्रिक्ट से संबंधित लंबित मामलों, लंबित राहत मामलों सहित राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने स्तर पर लंबित मामलों की नियमित निगरानी करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करना सुनिश्चित बनाएं।


बैठक में जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रमजीत सिंह सहित विभिन्न उपमंडलों के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।