/पहली दिसंबर से महंगा होगा डिपुओं का राशन, चीनी के दाम में 7 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी

पहली दिसंबर से महंगा होगा डिपुओं का राशन, चीनी के दाम में 7 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी

एपीएल परिवारों को आटा और चावल भी मिलेगा महंगा, घरेलू बजट पर बढ़ेगा अतिरिक्त बोझ

शिमला 28 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल प्रदेश में सरकारी राशन डिपुओं से राशन लेने वाले उपभोक्ताओं को अब महंगाई का एक और झटका लगने जा रहा है। पहली दिसंबर से डिपुओं में मिलने वाली चीनी, आटा और चावल की कीमतों में बढ़ोतरी लागू होगी। इससे खासकर कम आय वाले परिवारों के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

नई दरों के अनुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) के तहत आने वाले परिवारों को अब चीनी के लिए 13 रुपये के बजाय 20 रुपये प्रति किलो चुकाने होंगे। यानी चीनी की कीमत में सीधे 7 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है।


वहीं, एपीएल राशन कार्डधारकों के लिए भी राहत कम होने जा रही है। उन्हें अब डिपुओं में चावल 13 रुपये के बजाय 15 रुपये प्रति किलो और आटा 12 रुपये के बजाय 14.50 रुपये प्रति किलो मिलेगा।

यदि कोई एपीएल परिवार हर महीने 10 किलो चावल और 10 किलो आटा खरीदता है तो उसे पहले की तुलना में 45 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे। इसमें चावल पर 20 रुपये और आटे पर 25 रुपये का अतिरिक्त खर्च शामिल है।


इसी तरह एनएफएसए परिवार को महीने में पांच किलो चीनी खरीदने पर 35 रुपये अधिक चुकाने पड़ेंगे।

आटा, चावल और चीनी जैसी रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ने से पहले से महंगाई का सामना कर रहे आम परिवारों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।