/मेले के दौरान पांच मार्गों पर सुबह 8 से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद

मेले के दौरान पांच मार्गों पर सुबह 8 से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद

छह स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था

बद्दी, 27 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

बद्दी में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले रेडक्रॉस मेले के दौरान बद्दी पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। मेले के पहले दिन 28 नवंबर को नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से तीन किलोमीटर लंबी एंटी चिट्टा वॉकाथॉन भी आयोजित की जाएगी।

इसे दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी सुबह 9 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

पुलिस के अनुसार वॉकाथॉन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सुबह 8 बजे रेडक्रॉस मेला ग्राउंड बद्दी में पहुंचना होगा। यहां से वॉकाथॉन शुरू होकर साई रोड स्थित धर्मकांटा चौक तक जाएगी।

कंपनी बसों के लिए दो स्टॉपेज निर्धारित


मेले के दौरान औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों को लाने-ले जाने वाली बसें केवल दावत चौक और वर्धमान चौक पर ही रुकेंगी। कंपनी प्रबंधन और बस संचालकों को इन निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी बसें न रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

पांच मार्गों पर भारी वाहनों की नो एंट्री

रेडक्रॉस मेले के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों, ट्रकों और ट्रैक्टरों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। इसके तहत साई रोड से दावत चौक होते हुए बाईपास रोड, भूड़ बैरियर से वर्धमान चौक, सिक्का होटल से यूनिकेम चौक होते हुए वर्धमान चौक, दावत चौक से वर्धमान चौक तथा दावत चौक से हनुमान चौक होते हुए गैस प्लांट रोड तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

छह स्थानों पर होगी पार्किंग व्यवस्था

मेले में आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए विशाल मेगामार्ट के पास, ओम साईं कॉम्प्लेक्स, हैप्पी फार्म, बिरला टेक्सटाइल, हैवेल्स कंपनी पार्किंग और वर्धमान कंपनी पार्किंग में व्यवस्था की गई है।

बद्दी पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और सड़क किनारे वाहन खड़े करने से बचें। साथ ही निर्धारित बस स्टॉपेज, वैकल्पिक मार्गों और यातायात पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि रेडक्रॉस मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।