/बद्दी रेडक्रॉस मेले में खेल प्रतियोगिताओं के लिए आधार कार्ड अनिवार्य।

बद्दी रेडक्रॉस मेले में खेल प्रतियोगिताओं के लिए आधार कार्ड अनिवार्य।

वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को भी मिलेगा प्रतिभा दिखाने का अवसर

बद्दी 26 नवम्बर ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

दून विधान सभा चुनाव क्षेत्र के बद्दी में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य किया गया है।

बद्दी पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतियोगिताओं में आयु वर्ग की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए आधार कार्ड को आयु प्रमाण के रूप में प्रस्तुत करना होगा।

प्रतियोगिताओं में अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के साथ-साथ 50 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक वर्ग के प्रतिभागियों को भी अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।

बद्दी पुलिस की ओर से युवाओं, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों से तीन दिवसीय खेल आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

बद्दी पुलिस का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेलों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।

खेल गतिविधियों के माध्यम से समाज में एकता, अनुशासन, स्वास्थ्य और नशामुक्ति का सकारात्मक संदेश भी दिया जाएगा।