/बद्दी रेडक्रॉस मेले में खेल प्रतियोगिताओं की कमान संभालेगी बद्दी पुलिस

बद्दी रेडक्रॉस मेले में खेल प्रतियोगिताओं की कमान संभालेगी बद्दी पुलिस



28 से 30 नवंबर तक होगा खेलों का आयोजन, एंटी चिट्टा वॉकाथॉन से होगी शुरुआत; कबड्डी, वॉलीबॉल, कुश्ती सहित कई प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

बद्दी 26 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

औद्योगिक नगरी बद्दी में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी बद्दी पुलिस संभालेगी।

मिली जानकारी के मुताबिक खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।

तीन दिवसीय खेल आयोजन की शुरुआत 28 नवंबर को सुबह 9 बजे 3 किलोमीटर एंटी चिट्टा वॉकाथॉन से होगी।

इसके अलावा कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कैरम, शतरंज और कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 30 नवंबर को बाइक रैली भी निकाली जाएगी।

कबड्डी प्रतियोगिता 28 से 30 नवंबर तक तथा वॉलीबॉल मुकाबले 28 और 29 नवंबर को रेडक्रॉस मेला ग्राउंड, वर्धमान चौक बद्दी में होंगे।

वहीं, 28 नवंबर को दशहरा ग्राउंड में हाई जंप, लॉन्ग जंप और 100 व 200 मीटर दौड़ आयोजित होगी।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं रखी गई हैं।

प्रतियोगिताओं में अंडर-19 बालक-बालिका, पुरुष एवं महिला ओपन वर्ग तथा 50 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक भाग ले सकेंगे।

कबड्डी और वॉलीबॉल टीमों के लिए 1,000 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 27 नवंबर शाम 5 बजे तक रहेगी।

बद्दी पुलिस ने खिलाड़ियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है