महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी से मुकरने पर कांग्रेस और गांधी परिवार पर साधा निशाना
नई दिल्ली 26 नवम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की चुनावी गारंटी पूरी नहीं करने पर कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की महिलाओं से किया वादा पूरा नहीं कर लाखों माताओं और बहनों के साथ विश्वासघात किया है।

दिल्ली से जारी प्रेस बयान में अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने बड़े-बड़े मंचों से प्रदेश की प्रत्येक महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी।
मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों तक ने इस वादे का जोर-शोर से प्रचार किया, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अपने वादे से पीछे हट गई।
अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश सरकार के आंकड़ों के अनुसार इस योजना के लिए प्राप्त 8.25 लाख आवेदनों में से 7.69 लाख आवेदन खारिज कर दिए गए हैं। यानी करीब 93 प्रतिशत महिलाओं को योजना के लाभ से वंचित रहना पड़ा है और केवल लगभग 50 हजार आवेदन ही स्वीकृत हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान यह भी वादा किया था कि एक परिवार की एक महिला को 1500 रुपये और चार महिलाओं को कुल 6000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इसके बावजूद लगभग चार वर्ष बीतने के बाद भी प्रदेश की महिलाएं अपने हक की राशि के लिए इंतजार कर रही हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं से किए गए वादे पूरे करने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व जनता के सवालों से क्यों बच रहा है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक प्रगति, गरीबी में कमी और प्रभावशाली कूटनीति के कारण वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपनी चुनावी गारंटियों को पूरा करने में विफल साबित हो रही है।









