/बद्दी रेड क्रॉस मेले का 28 नवंबर को राज्यपाल करेंगे शुभारंभ।

बद्दी रेड क्रॉस मेले का 28 नवंबर को राज्यपाल करेंगे शुभारंभ।

बब्बू मान और कुलविंदर बिल्ला समेत नामी कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

बद्दी 25 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने आज पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि बद्दी में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाला जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेला सामाजिक सहभागिता, जनकल्याण और मनोरंजन का साझा मंच बनेगा। मेले का शुभारंभ 28 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता करेंगे।

उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय मेले में खेल प्रतियोगिताओं, स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर, सहायक उपकरण वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

29 नवंबर को महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए रंगोली, मटका फोड़, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, मेहंदी, हेल्दी बेबी शो, फैंसी ड्रेस, जलेबी रेस तथा स्कूल स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

30 नवंबर को एंटी ड्रग यूथ बाइक रैली, पुरुष एवं महिला कुश्ती दंगल, कॉलेज स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं और पारंपरिक परिधान फैशन शो होगा। इसी दिन रेड क्रॉस सोसाइटी के लाइफ मेंबर्स को सम्मानित किया जाएगा तथा पुरस्कार वितरण और रैफल ड्रॉ के साथ मेले का समापन होगा।

विधायक रामकुमार चौधरी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेकर इसे सफल बनाएं और रेड क्रॉस सोसाइटी की सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में अपना योगदान दें।

उधर बद्दी के एसडीएम संजीव धीमान ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि सभी कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाए जा सकें।