/सावधान! खरीदारी के दौरान मोबाइल नंबर देने से पहले रहें सतर्क

सावधान! खरीदारी के दौरान मोबाइल नंबर देने से पहले रहें सतर्क

निजी जानकारी की सुरक्षा को लेकर उठ रहे गंभीर सवाल।

शिमला 25 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

आज के डिजिटल दौर में मोबाइल नंबर हमारी निजी पहचान का अहम हिस्सा बन चुका है। इसके बावजूद बड़े-बड़े मॉल, शॉपिंग सेंटर और बिजनेस हाउस में खरीदारी के दौरान ग्राहकों से मोबाइल नंबर लेना एक आम प्रक्रिया बन गई है।

सवाल यह है कि आखिर इन मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाता है और ग्राहकों की अनुमति के बिना उनका डाटा कहीं दूसरी जगह तो साझा नहीं किया जा रहा?

अक्सर लोग हैरान होते हैं कि उनका मोबाइल नंबर अनजान लोगों, विज्ञापन कंपनियों और ठगी करने वालों तक कैसे पहुंच जाता है। लेकिन इस बात पर कम ही ध्यान दिया जाता है कि खरीदारी, बिलिंग, डिस्काउंट और विभिन्न ऑफरों के नाम पर अलग-अलग व्यावसायिक प्रतिष्ठान लगातार ग्राहकों के मोबाइल नंबर एकत्र कर रहे हैं।

आरोप और आशंका यह भी है कि कई जगह ग्राहकों से सेवा देने या बिलिंग के नाम पर लिए गए नंबरों का इस्तेमाल प्रचार-प्रसार, मार्केटिंग और विज्ञापन के लिए किया जा सकता है।

ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि ग्राहकों की निजी जानकारी कितनी सुरक्षित है और इसका इस्तेमाल उनकी सहमति से ही किया जा रहा है या नहीं।

विडंबना यह है कि मोबाइल डाटा की सुरक्षा को लेकर जागरूकता के बावजूद आम उपभोक्ता को इस विषय में पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पाती। बिल बनवाते समय मोबाइल नंबर मांगने की प्रक्रिया इतनी सामान्य हो चुकी है कि ग्राहक भी बिना सवाल किए अपना नंबर दे देते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार उपभोक्ताओं को यह जानने का अधिकार है कि उनका मोबाइल नंबर किस उद्देश्य से लिया जा रहा है, उसका इस्तेमाल कहां होगा और क्या उसे किसी तीसरे पक्ष के साथ साझा किया जाएगा।

अब समय है जागरूक होने का। उपभोक्ताओं को चाहिए कि वे बिना स्पष्ट आवश्यकता के अपना मोबाइल नंबर साझा न करें और प्रत्येक व्यावसायिक प्रतिष्ठान से पूछें कि उनके नंबर तथा व्यक्तिगत डाटा का उपयोग किस उद्देश्य से किया जाएगा।

आखिर ग्राहक खरीदारी करने जाता है, अपनी निजी जानकारी का कारोबार करवाने नहीं।