/बद्दी में 28 से 30 नवंबर तक सजेगा जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेला

बद्दी में 28 से 30 नवंबर तक सजेगा जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेला



28 नवंबर को मेगा स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार की मिलेगी सुविधा

बद्दी 24 नवम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

औद्योगिक नगरी बद्दी में 28 से 30 नवंबर, 2026 तक वर्धमान चौक के समीप मैदान में जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा।

मेले के प्रथम दिन 28 नवंबर को मेगा स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान शिविर आयोजित होंगे।

यह जानकारी उपमंडलाधिकारी एवं बद्दी रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष संजीव धीमान ने दी।

उन्होंने बताया कि मेगा स्वास्थ्य शिविर में सामान्य रोगों, स्त्री एवं प्रसूति रोगों, नेत्र रोगों, नाक-कान-गला, हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं सहित शुगर और हीमोग्लोबिन की निःशुल्क जांच की जाएगी। इसके अलावा दंत परीक्षण, फिजियोथेरेपी तथा कमर एवं गर्दन के दर्द सहित मांसपेशियों और हड्डियों से जुड़ी समस्याओं के लिए जांच एवं परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

शिविर में एचआईवी जांच एवं परामर्श, टीबी स्क्रीनिंग और हैंडहेल्ड एक्स-रे की सुविधा भी मिलेगी।

पात्र लोगों के आयुष्मान भारत एवं हिमकेयर कार्ड बनाने के साथ पुराने कार्ड अपडेट किए जाएंगे।

वहीं, 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का निःशुल्क टीकाकरण भी किया जाएगा।

संजीव धीमान ने बताया कि शिविर के दौरान चयनित एवं पात्र वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, छड़ी, बैसाखी सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे।

उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, औद्योगिक संस्थानों के कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान देने का माध्यम बन सकता है।

उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता करना तथा समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की भावना को बढ़ावा देना है।

जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से मेले में भाग लेने और 28 नवंबर को आयोजित स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया।